
गोवर्धन तलहटी में उमड़ी श्रद्धालुओं को भीड़, सप्तकोसीय परिक्रमा में बनी मानव श्रृंखला*गोवर्धन। नये साल के उपलक्ष्य में गिरिराज महाराज की तलहटी में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने गिरिराज जी की चरणों में हैप्पी न्यू ईयर मनाया। आस्था में भक्तों ने गिरिराज जी की परिक्रमा लगाई। दानघाटी मंदिर से लेकर आन्यौर, पूंछरी, जतीपुरा व राधाकुंड में खूब भीड़ रही। मानसी गंगा में गिरि की पौढ़ी घाट पर स्नान कर दीपदान किया। मुकुट मुखारविन्द मंदिर जतीपुरा, दानघाटी मंदिर में गिरिराजजी को दुग्धाभिषेक कर मनोती मांगी।

वहीं सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग में जगह जगह धार्मिक आयोजनों में भजन संध्या और भंडारे वितरण का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने दान कर पुण्य कमाया। जगह-जगह वस्त्र, प्रसादी वितरित की गई। इस बार पूर्णिमासी व नये साल के चलते भीड़ की तादाद ज्यादा होने से वाहनों का जाम लग गया। परिक्रमा मार्ग में वाहनों के जाम के बीच श्रद्धालु परेशान दिखाई दिये। श्रद्धालुओं को डग्गेमार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। वाहनों के प्रवेश पर रोक होने के बाद भी बड़े वाहन परिक्रमा मार्ग में चलते रहे। यात्रियों को खासी परेशानी हुई। मंदिरों में जगह-जगह फूल बंगला व छप्पन भोग के दर्शनों का आयोजन किया गया।
*रिपोर्ट, धर्मेन्द्र सिंह गोवर्धन*